बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी नहीं रहे, 72 साल की उम्र में दिल्ली में अंतिम सांस ली

बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी का निधन हो गया। बिहार के वरिष्ठ बीजेपी नेताओं में सुशील मोदी एक थे। वह 72 वर्ष के थे और कैंसर से पीड़ित थे। बिहार के मौजूदा डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने X पर पोस्ट करके उनके निधन की जानकारी दी, साथ ही दुख भी जताया उन्होंने लिखा कि बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व पूर्व राज्यसभा सांसद श्री सुशील कुमार मोदी जी के निधन पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि यह बिहार भाजपा के लिए अपूरणीय क्षति है।
खुद दी थी कैंसर होने की जानकारी
बता दें कि, सुशील मोदी को बीते छह महीने से कैंसर था। खुद को कैंसर होने की जानकारी उन्होंने अपने एक एक्स पोस्ट में 3 अप्रैल को दी थी। उनके निधन की जानकारी बिहार के मौजूदा डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने दी। सुशील कुमार मोदी का जन्म 5 जनवरी 1952 को बिहार की राजधानी पटना में हुआ था। उनके पिता मोती लाल मोदी और माता का नाम रत्ना देवी था। उन्होंने पत्नी जेस्सी सुशील मोदी ईसाई धर्म से हैं और प्रोफेसर हैं। उनके दो बेटे हैं जिनमें एक का नाम उत्कर्ष तथागत और दूसरे का नाम अक्षय अमृतांक्षु है।
पहली बार 1990 में चुने गए विधायक
सुशील कुमार मोदी ने पटना साइंस कॉलेज से बॉटनी विषय से ग्रेजुएशन किया था। वह पहली बार 1990 में बिहार विधानसभा के लिए विधायक चुने गए थे। इसके बाद 1995 और 2000 में भी विधायक चुने गए। वह लगातार तीन बार विधायक रहे।
पीएम मोदी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुशील मोदी के निधन पर दुख जताते हुए उन्होंने श्रद्धांजलि दी है। पीएम ने उन्हें याद करते हुए एक्स पर लिखा, पार्टी में अपने मूल्यवान सहयोगी और दशकों से मेरे मित्र रहे सुशील मोदी जी के असामयिक निधन से अत्यंत दुख हुआ है बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है। आपातकाल का पुरजोर विरोध करते हुए, उन्होंने छात्र राजनीति से अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। वे बेहद मेहनती और मिलनसार विधायक के रूप में जाने जाते थे। राजनीति से जुड़े विषयों को लेकर उनकी समझ बहुत गहरी थी। उन्होंने एक प्रशासक के तौर पर भी काफी सराहनीय कार्य किए। जीएसटी पारित होने में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति ओम